Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Blog Image
By - sapna Jun 11, 2025 Comments (3) राज्य / बिहार

लालू यादव का 78वां जन्मदिन: 78 किलो लड्डू और 78 तरह के फलों के साथ मनाया गया जश्न, राबड़ी आवास पर दिखा उत्सव का नज़ारा

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने आज अपना 78वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस खास मौके पर पूरे राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाया। पटना स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड आवास पर सुबह से ही जश्न का माहौल बना रहा।


लालू यादव ने जन्मदिन की शुरुआत आधी रात को केक काटकर की। इसके बाद पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयां दीं। खास आकर्षण रहा 78 किलो का विशाल लड्डू, जिसे लालू यादव ने पारंपरिक अंदाज में तलवार से काटा। इसके अलावा, राजद के राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार 78 तरह के फलों का टोकरा लेकर उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे।

राबड़ी आवास के बाहर ढोल-नगाड़ों की गूंज और नाचते-गाते कार्यकर्ताओं की भीड़ ने माहौल को उत्सवी बना दिया। कई कार्यकर्ता लालू यादव की तस्वीरें, पोस्टर और मिठाइयों के डिब्बे लेकर पहुंचे थे, तो कुछ हाथों में तलवारें लहराकर खुशी जाहिर कर रहे थे।


RJD ने इस दिन को ‘सामाजिक सद्भावना दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भी एक 78 पाउंड (करीब 35 किलो) का विशेष केक काटा जाएगा। पार्टी नेताओं ने इसे सामाजिक न्याय और समरसता को समर्पित दिन बताया है।

लालू यादव को जन्मदिन की बधाई देने वालों में कई दिग्गज नेता भी शामिल रहे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। हमारे बीच का रिश्ता सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रहा – यह एक गहरा मानवीय जुड़ाव है, जो सामाजिक न्याय के संघर्ष पर आधारित है। आपने हमेशा उन लोगों की आवाज़ उठाई है जिन्हें अक्सर अनसुना कर दिया जाता है। आपके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।"

राबड़ी आवास पर दिनभर जश्न का माहौल बना रहा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस अवसर को सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया। लालू यादव का जन्मदिन इस बार सिर्फ एक राजनीतिक आयोजन नहीं बल्कि एक सामाजिक संदेश के साथ मनाया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Post