Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Blog Image
By - Chandrakant Singh Nov 19, 2025 Comments (3) राज्य / बिहार

नीतीश सरकार में फिर बरकरार रहेंगे सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, भाजपा ने दोबारा सौंपी जिम्मेदारी

बिहार में नई सरकार गठन से पहले भारतीय जनता पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा एक बार फिर डिप्टी सीएम के तौर पर अपनी भूमिका निभाएंगे। भाजपा विधायक दल की बैठक में दोनों नेताओं को क्रमशः विधानमंडल दल का नेता और उपनेता चुना गया। इससे यह साफ हो गया है कि नीतीश कुमार की अगली सरकार में पार्टी नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

भाजपा की बैठक में दोबारा मिला भरोसा

पटना में हुई विधायक दल की बैठक में यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और साध्वी निरंजन ज्योति को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा गया था। बैठक में सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव प्रेम कुमार, कृष्ण कुमार ऋषि, अरुण शंकर प्रसाद, नितिन नबीन और रमा निषाद ने रखा, जबकि समर्थन में रामकृपाल यादव, संगीता कुमारी, मिथिलेश तिवारी, वीरेंद्र कुमार, मनोज शर्मा और कृष्ण कुमार मंटू आगे आए। तालियों की गड़गड़ाहट के साथ दोनों के चयन पर मुहर लग गई।

2024 की तर्ज पर बना रहेगा नेतृत्व

2024 में भी भाजपा ने सम्राट चौधरी को विधानमंडल दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना था। तब दोनों पहली बार नीतीश कुमार की नौवीं सरकार में डिप्टी सीएम बने थे। अब फिर से इन्हें उसी भूमिका में बनाए रखने का भाजपा का फैसला आने वाली सरकार में स्थिरता और निरंतरता का संकेत देता है।

नीतीश कुमार कल लेंगे शपथ, बनेंगी दसवीं बार मुख्यमंत्री

जेडीयू अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार की अगुवाई में एनडीए की आठवीं और कुल दसवीं सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भाजपा के इन निर्णयों से स्पष्ट है कि एनडीए गठबंधन इस बार भी अनुभव व सामंजस्य को प्राथमिकता दे रहा है।

अब तक पांच भाजपा नेता बन चुके हैं डिप्टी सीएम

एनडीए की विभिन्न सरकारों में भाजपा के अब तक पांच नेता उपमुख्यमंत्री पद संभाल चुके हैं—

  • सुशील कुमार मोदी

  • तारकिशोर प्रसाद

  • रेणु देवी

  • सम्राट चौधरी

  • विजय कुमार सिन्हा

दिवंगत सुशील मोदी लम्बे समय तक नीतीश के सबसे भरोसेमंद डिप्टी सीएम रहे और तीन कार्यकालों में 11 वर्षों तक पद पर रहे। 2020 में उनके केंद्र में भेजे जाने के बाद तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी को यह जिम्मेदारी दी गई। 2024 में एनडीए में वापसी के बाद सम्राट चौधरी (मुंगेर) और विजय सिन्हा (लखीसराय) को डिप्टी सीएम बनाया गया था।

नई सरकार के शपथ ग्रहण के साथ यह जोड़ी एक बार फिर बिहार में भाजपा की ओर से सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक चेहरे के रूप में सामने होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Post