Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Blog Image
By - Chandrakant Singh Oct 17, 2025 Comments (3) उत्तर प्रदेश

त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन: यूपी में 3,394 क्विंटल मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त, 1,463 क्विंटल नष्ट

लखनऊ। दीपावली से पहले योगी सरकार ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) द्वारा चलाए जा रहे ‘दीपावली विशेष अभियान’ (8 से 17 अक्टूबर 2025) के तहत पूरे प्रदेश में छापेमारी जारी है। अब तक 5,464 निरीक्षण और 2,448 छापों के दौरान 3,369 नमूने संग्रहीत किए गए हैं। अभियान में 3,394 क्विंटल मिलावटी खाद्य सामग्री (मूल्य ₹476 लाख) जब्त की गई, जबकि 1,463 क्विंटल सामग्री (₹234 लाख) नष्ट कराई गई है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर सख्त कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की सचिव डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश को मिलावटमुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है। 16 अक्टूबर को की गई कार्यवाही में प्रदेश के कई जिलों में भारी मात्रा में मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त और नष्ट किए गए। उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ जैसे त्योहारों पर जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कई जिलों में बड़े एक्शन

  • मथुरा: बाजना क्षेत्र की चार डेयरियों में अपमिश्रण पाए जाने पर चार एफआईआर दर्ज और छह लाइसेंस निलंबित।

  • अलीगढ़: 19,500 किलोग्राम मिलावटी खाद्य पदार्थ (₹17.37 लाख) नष्ट, 4,188 किलोग्राम सामग्री (₹23.55 लाख) जब्त।

  • बदायूं: 2,100 किलोग्राम छेना मिठाई और 960 किलोग्राम पनीर जब्त।

  • गाजीपुर: 1,439 किलोग्राम मिलावटी देशी घी नष्ट।

  • बुलंदशहर: 1,325 किलोग्राम मिलावटी पनीर जब्त।

  • प्रयागराज: 5,295 किलोग्राम मिलावटी खाद्य तेल नष्ट।

  • सम्भल: 2,500 लीटर दूषित दूध नष्ट।

  • सहारनपुर: 1,060 किलोग्राम मिठाइयाँ जब्त।

  • कानपुर नगर: 550 किलोग्राम मिलावटी खोया नष्ट कराया गया।

छोटे कारोबारियों को राहत
डॉ. रोशन जैकब ने स्पष्ट किया कि सरकार का फोकस बड़े मिलावटखोर गिरोहों और डेयरी माफियाओं पर है। छोटे दुकानदारों, मिठाई विक्रेताओं, स्टाफ या मजदूरों पर किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं की जाएगी। आगरा, खैर, गबाना और मथुरा के बजना जैसे क्षेत्रों में चल रही बड़ी डेयरियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है, जो मुख्यतः दिल्ली-एनसीआर में दूध और पनीर की आपूर्ति करती हैं।

जनता से अपील: संदिग्ध उत्पाद की जानकारी दें
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि मिठाई या खाद्य पदार्थ खरीदते समय बिल अवश्य लें, और खुली या संदिग्ध रंग-गंध वाली मिठाइयों से बचें। किसी भी प्रकार की मिलावट या संदेहास्पद वस्तु की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5533 या व्हाट्सएप नंबर 9793429747 पर साझा करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Post